Saturday, September 14, 2013

शिक्षक संगठन की दुर्दशा

डिग्री शिक्षकों के प्रदेश संगठन का बुरा हाल है. दिनांक ९ सितम्बर को पी पी एन कालेज में हुई बैठक इस बात का सबूत है. अध्यक्ष महोदय रिटायर होने के बाद भी पद का मोह नहीं छोड़ पा रहे हैं. गुटबंदी की ऐसी सीमा पहली बार देखने को मिली. शोर शराबे हंगामे के बाद बैठक बिना किसी निर्णय के समाप्त हो गयी. समझ में नहीं आ रहा समाज को शिक्षित करने दंभ भरने वाले वाले इस तबके से जुड़े लोग स्वयं को कब शिक्षित कर पायेगे? शिक्षक नेता लगता है अब मात्र नेता ही रह जायेगे. शिक्षकत्व का लोप हो रहा है. मर्यादाएं लांघी जा रही हैं. एक बड़े बदलाव की आवश्यकता है , अन्यथा वह दिन दूर नहीं जब सम्मान तो भूल जाईये शिक्षक समाज की आवाज कोई सुनने वाला नहीं होगा. मंच से बड़ी बड़ी बाते करने से कुछ नहीं होने वाला. अपने से बाहर निकलने की जरूरत है.

Wednesday, March 27, 2013

पंचायत का निर्णय

एक बार एक हंस और हंसिनी हरिद्वार के सुरम्य वातावरण से भटकते हुए उजड़े, वीरान और रेगिस्तान के इलाके में आ गये ! हंसिनी ने हंस को कहा कि ये किस उजड़े इलाके में आ गये हैं ? यहाँ न तो जल है, न जंगल और न ही ठंडी हवाएं हैं ! यहाँ तो हमारा जीना मुश्किल हो जायेगा !
भटकते भटकते शाम हो गयी तो हंस ने हंसिनी से कहा कि किसी तरह आज कि रात बिता लो, सुबह हम लोग हरिद्वार लौट चलेंगे ! रात हुई तो जिस पेड़ के नीचे हंस और हंसिनी रुके थे उस पर एक उल्लू बैठा था। वह जोर जोर से चिल्लाने लगा। हंसिनी ने हंस से कहा, अरे यहाँ तो रात में सो भी नहीं सकते। ये उल्लू चिल्ला रहा है।
हंस ने फिर हंसिनी को समझाया कि किसी तरह रात काट लो, मुझे अब समझ में आ गया है कि ये इलाका वीरान क्यूँ है ? ऐसे उल्लू जिस इलाके में रहेंगे वो तो वीरान और उजड़ा रहेगा ही।
पेड़ पर बैठा उल्लू दोनों कि बात सुन रहा था।
सुबह हुई, उल्लू नीचे आया और उसने कहा कि हंस भाई मेरी वजह से आपको रात में तकलीफ हुई, मुझे माफ़ कर दो। हंस ने कहा, कोई बात नही भैया, आपका धन्यवाद !
यह कहकर जैसे ही हंस अपनी हंसिनी को लेकर आगे बढ़ा, पीछे से उल्लू चिल्लाया, अरे हंस मेरी पत्नी को लेकर कहाँ जा रहे हो। हंस चौंका, उसने कहा, आपकी पत्नी? अरे भाई, यह हंसिनी है, मेरी पत्नी है, मेरे साथ आई थी, मेरे साथ जा रही है !
उल्लू ने कहा, खामोश रहो, ये मेरी पत्नी है। दोनों के बीच विवाद बढ़ गया। पूरे इलाके के लोग इक्कठा हो गये। कई गावों की जनता बैठी।
पंचायत बुलाई गयी। पंच लोग भी आ गये ! बोले, भाई किस बात का विवाद है ?
लोगों ने बताया कि उल्लू कह रहा है कि हंसिनी उसकी पत्नी है और हंस कह रहा है कि हंसिनी उसकी पत्नी है ! लम्बी बैठक और पंचायत के बाद पञ्च लोग किनारे हो गये और कहा कि भाई बात तो यह सही है कि हंसिनी हंस की ही पत्नी है, लेकिन ये हंस और हंसिनी तो अभी थोड़ी देर में इस गाँव से चले जायेंगे।
हमारे बीच में तो उल्लू को ही रहना है। इसलिए फैसला उल्लू के ही हक़ में ही सुनाना है ! फिर पंचों ने अपना फैसला सुनाया और कहा कि सारे तथ्यों और सबूतों कि जांच करने के बाद यह पंचायत इस नतीजे पर पहुंची है कि हंसिनी उल्लू की पत्नी है और हंस को तत्काल गाँव छोड़ने का हुक्म दिया जाता है ! यह सुनते ही हंस हैरान हो गया और रोने, चीखने और चिल्लाने लगा कि पंचायत ने गलत फैसला सुनाया।
उल्लू ने मेरी पत्नी ले ली ! रोते- चीखते जब वहआगे बढ़ने लगा तो उल्लू ने आवाज लगाई -
ऐ मित्र हंस, रुको ! हंस ने रोते हुए कहा कि भैया, अब क्या करोगे ? पत्नी तो तुमने ले ही ली, अब जान भी लोगे ? उल्लू ने कहा, नहीं मित्र, ये हंसिनी आपकी पत्नी थी, है और रहेगी !
लेकिन कल रात जब मैं चिल्ला रहा था तो आपने अपनी पत्नी से कहा था कि यह इलाका उजड़ा और वीरान इसलिए है क्योंकि यहाँ उल्लू रहता है !
मित्र, ये इलाका उजड़ा और वीरान इसलिए नहीं है कि यहाँ उल्लू रहता है ।
यह इलाका उजड़ा और वीरान इसलिए है क्योंकि यहाँ पर ऐसे पञ्च रहते हैं जो उल्लुओं के हक़ में फैसला सुनाते हैं !
शायद ६५ साल कि आजादी के बाद भी हमारे देश की दुर्दशा का मूल कारण यही है कि हमने हमेशा अपना फैसला उल्लुओं के ही पक्ष में सुनाया है।
इस देश क़ी बदहाली और दुर्दशा के लिए कहीं न कहीं हम भी जिम्मेदार हैं।

Saturday, January 19, 2013

शिक्षा: बाजारीकरण
भौतिकतावादी संस्कृति के प्रसार के कारण शिक्षा को उद्योग के रूप में देखना प्रारंभ होने के बाद से इसके दुष्परिणाम आने प्रारंभ हो चुके हैं। बाजारीकरण होने के कारण आज उच्च शिक्षा में वे तमाम हथकंडे अपनाये जा रहे हैं जो बाजारों में अन्य किसी सामान की खरीद-फरोख्त में अपनाये जाते हैं। दलाली, घूसखोरी, नक़ल करवाना , पी एच डी थीसिस लिखवाना आदि प्रचलन में है।स्ववित्त पोषित शिक्षा व्यवस्था तो पूरी तरह से जैसे पैसे की बुनियाद पर रखी हुई है। पहले शिक्षा ज्ञान की उपलब्धि , संस्कारों की प्राप्ति का साधन थी . समय के साथ धीरे धीरे यह व्यवसाय /नौकरी का साधन बनी और अब इसका उद्देश्य मात्र डिग्री पाना भर रह गया है। मुश्किल यह है की जाने अनजाने हम सभी इस व्यवस्था के भागीदार बनते जा रहें हैं। शिक्षा के सारे स्थापित मूल्य ध्वस्त हो रहें हैं और समस्त सम्बंधित बाजारू होते जा रहें हैं। लगाम लगानी होगी। अन्यथा एक ऐसी अंतहीन दौड़ प्रारंभ हो चुकी है जिसमे व्यक्ति का सारा जीवन पैसा देकर शैक्षिक डिग्रियां खरीदने एवं फिर उन डिग्रियों की सहायता से उनकी कीमत वसूलने में ही बीत जायेगा। और जो डिग्रियों की कीमत नहीं वसूल पायेगा वो कुंठित और निराश होकर ऐसे कार्य करना प्रारंभ कर देगा जिन कार्यों को करने के लिए उसे उन डिग्रियों को प्राप्त करने की आवश्यकता ही न थी। डॉ बी डी पाण्डेय

Tuesday, May 24, 2011

ट्राम से मेट्रो तक

मनुष्य नें बहुत प्रगति की। बुद्धि के बल पर तरह तरह के नियम क़ानून, रहन सहन के तौर तरीके, और ढेर सारी वस्तुएं। लेकिन यह नहीं सोचा कि जीवन के साथ जितनी भी चीजें मूर्त या अमूर्त रूप में जुड़ेंगी उतना ही जीवन जटिल होता जायेगा। और जितना ही जीवन जटिल होता जायेगा उतनी ही दुश्वारियां जीवन चक्र पूरा करने में आएँगी। प्रकृति का एक नियम है--कुछ भी पाने के लिए कुछ खोना पड़ता है । निसंदेह हमने बहुत कुछ पाया है, पर यह भी न भूलें कि क्या खोया। यह लेखा जोखा रखना आवश्यक है। कहीं ऐसा न हो कि ट्राम से मेट्रो तक के सफ़र में हम हमेशा पाते रहने के फेर में इतना कुछ गवां बैठे कि उसकी पूर्ति असंभव हो जाय और स्थाई रूप से एक रिक्तता हम अपने जीवन में उत्पन्न कर "पॉइंट ऑफ़ नो रिटर्न" पर पहुँच जायं.

Sunday, May 22, 2011

शमशान में भी सावधान

आज समिति के एक वयोवृद्ध सदस्य के निधन पर भैरोंघाट जान पड़ा. घाट पर कर पार्किंग से कुछ कदम पर लकड़ी के टाल हैं जहाँ से लोग लकड़ी खरीद कर चिता स्थल तक ले जाते हैं. कार से मोबाइल हाथ में ले उतरकर टाल तक जाने में लगभग ३०-४० मीटर की दूरी तय करने के दौरान मोबाईल कुरते की जेब में रख कर लकड़ी तौले जाने का इन्तजार किया और तुल जाने के बाद एक लट्ठा उठाकर चलने को हुआ तो अकस्मात् जेब जिसमे मोबाइल रखा था पर हाथ पड़ा. मोबाइल गायब. इधर उधर देखा कुछ समझ में न आया. वापस कार तक गया भ्रम मिटाने. कुल मिलाकर यह निश्चित हो गया की मोबाइल किसी नें पार कर दिया है. अब चिंतन की बारी थी. घाट पर जलती हुई चिताओं की ओर देखता हुआ सोच रहा था कि शमशान में जाने वालों को तो दुनिया से छणिक विरक्ति शायद हो जाती हो पर शमशान घाट पर ही अपना गुजर बसर करने वालों को बिलकुल भी नहीं. ध्यान से अगर देखें तो लकड़ी बेचने वाले, अंतिम संस्कार कराने वाले पंडे, चिता लगाने वाले, घाट के ऊपर चाय वाले,पान वाले , मिठाई वाले सभी अपने अपने काम में उसी तरह व्यस्त हैं जैसे अन्य कोई जो उस जगह से दूर है. हर प्रकार के प्राणी हर जगह है. चोर,उचक्के, उठाईगीर शमशान पर भी मौजूद हैं. बिजनेस हर जगह चल रहा है. खैर मोबाइल तो जिस दिन खरीदा था उसी दिन से उसे खोने की सम्भावना उत्पन्न कर ली थी. पर समझ में आया कि सावधान रहो हर जगह, शमशान में भी.

Sunday, April 17, 2011

कानपुर विश्वविद्यालय ब्लोग्गर्स असोशिएसन के उदभव पर समस्त बुद्धजीवी वर्ग को शुभकामनाएं. भाई पवन मिश्र जी विशेष रूप से धन्यवाद के पात्र हैं इसलिए कि उन्होंने एक ऐसा मंच तैयार कर दिया है कि आशा करता हूँ हर वो जो विश्वविद्यालयों खासकर कानपुर विश्वविद्यालय के गिरते स्तर के प्रति जागरूक है , चिंतित है , इसके माध्यम से अपनी आवाज़ को उठा सकता है, आगे बढ़ा सकता है. साथिओं, आजकल शिक्षा व्यवस्था एक संक्रमण काल से गुजर रही है. जहाँ एक तरफ सूचना के क्षेत्र में क्रांति है वहीँ सरकारी नीतियों के चलते स्ववित्त पोषित महाविद्यालयों , विश्वविद्यालयों की बाढ़ से अनेकानेक परिवर्तन हो रहें हैं एवं निकट भविष्य में संभव है. वर्तमान में शिक्षा के केन्द्रों के नाम पर धन उगाही केन्द्रों की स्थापना हो रही है. शिक्षकों , छात्रों का शोषण हो रहा है उच्च शिक्षा के नाम पर पैसे लेकर नक़ल कराकर डिग्री बांटना एक परंपरा के रूप में स्थापित होने को है. ऐसे में ईमानदार, ऐसे जो सही मायनो में शिक्षक है, अत्यधिक घुटन भरा वातावरण महसूस कर रहें हैं. हमारे ही बीच ऐसे गिरोहों की स्थापना हो चुकी है जो शिक्षा एवं शिक्षण के पुनीत उद्देश्यों से भटक कर पॉवर एवं पैसा एकत्रित कर आगे बढकर भ्रष्ट राजनीति में संलिप्त होने की कतार में खड़े हैं. शिक्षक संगठन, जो कभी शिक्षकों के मार्गदर्शक के रूप में कार्य करते थे आज उनके उद्देश्य निजी स्वार्थों पर आधारित होने के कारण अपना अस्तित्व खो रहें हैं. एक कसक सी है आज समाज में इस विसंगति से भरे उच्च शिक्षा के तिलस्म पर कुठाराघात करने की. लोकतान्त्रिक परम्पराओं का लोप हो रहा है. ऐसे में परम आवशयकता है एक ऐसे मंच की जिसके माध्यम से विसंगतियों, कुरीतियों, भ्रष्टाचार, निजी स्वार्थों के तले कराह रही उच्च शिक्षा को उबारकर उसे सम्मानपूर्वक समाज में स्थापित ऐसे ढंग से करने की कि वह आने वाली नस्लों का मार्गदर्शन कर उन्हें बेहतर जीवन जीने के अवसर प्रदान कर सके. उच्च शिक्षा के आदर्श उद्देश्यों की प्राप्ति में बाधा बने चन्द स्वयंभू ठेकेदारों को बेनकाब करने की भी विशेष जरूरत है. आप सभी से अनुरोध है कि खुलकर इस मंच पर निर्भीकता के साथ अपने अनुभव एवं विचार रखकर शिक्षा जगत में एक रचनात्मक क्रांति के जनक बनने में सहयोग प्रदान करें. आपकी इस ब्लॉग पर अभिव्यक्ति को जहाँ उसे वास्तव में पहुँच कर आशानुरूप परिणाम मिल सके पहुँचाने का पूरा प्रयास करने का वचन देते हुए पुनः शुभकामनाएं एवं धन्यवाद. डॉ. बी. डी. पाण्डेय.